वित्तीय वर्ष 2018-19 का बजट जन सुझावों के आधार पर बनेगा। आम लोगों को कैसा बजट चाहिए, इसे लेकर सरकार उनके सुझाव लेगी। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत खुद छह स्थानों पर ‘आपका बजट आपकी राय’ कार्यक्रम के जरिये लोगों से फीडबैक और सुझाव लेंगे
विधानसभा का बजट सत्र गैरसैंण में तय किया जा चुका है। अगले वित्तीय वर्ष के तैयार किए जा रहे बजट में इस बार आम जनता की भूमिका भी तय की जा रही है। लोगों के सुझावों के आधार पर बजट को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके लिए सरकार जनता के सुझाव लेगी।
सुझाव लेने के लिए जनता को सरकार के पास नहीं पहुंचना होगा, बल्कि सरकार खुद आम लोगों के पास पहुंचेगी। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने खुद इस दिशा में पहल की है।
बजट से पहले छह चरणों में अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े लोगों के बीच जाकर मुख्यमंत्री अलग-अलग विषयों पर बजट के लिए लोगों के सुझाव मांगेंगे। इनमें अहम सुझावों को राज्य में बजट में शामिल किया जाएगा। इस कड़ी में सबसे पहले 13 फरवरी को यमुनोत्री में किसानों के बीच जाकर मुख्यमंत्री उनकी राय लेंगे।