नोएडा: व्यापारी की हत्या और लाखों के लूट मामले में चौकी प्रभारी निलंबित

Spread the love

दिल्ली से सटे नोएडा के थाना फेस-2 के सेक्टर 110 में स्थिति भंगेल चौकी के पास किराना व्यापारी दिवाकर कंसल की हत्या कर बदमाशों द्वारा की गई पांच लाख रुपये की लूट के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भंगेल चौकी प्रभारी अरुण कुमार को निलंबित कर दिया है.

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के पीआरओ मनीष सक्सेना ने बताया कि भंगेल चौकी से सौ मीटर की दूरी पर व्यापारी दिवाकर कंसल की गोली मारकर हत्या करने के बाद बदमाशों ने पांच लाख रुपये लूट लिया था. जांच में चौकी प्रभारी की लापरवाही सामने आई.

उन्होंने बताया कि पुलिस कप्तान लव कुमार ने चौकी प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. उनके खिलाफ विभागीय जांच भी की जा रही है. रविवार की रात को हुई लूट और हत्या के मामले से आक्रोशित हजारों की संख्या में लोगों ने भंगेल कस्बे में जाम लगाया था.

जानकारी के मुताबिक, रविवार की रात भंगेल निवासी मुकुल कंसल और दिवाकर नोएडा सेक्टर 110 स्थित किराना स्टोर की दुकान बंदकर घर लौट रहे थे. तभी अचानक बाइक पर सवार होकर आए तीन अज्ञात बदमाश पैसों से भरा बैग छीनने लगे. इसका विरोध करने पर बदमाशों ने उन पर फायरिंग करना शुरू कर दी. इस बीच दिवाकर को तीन गोली लग गई.

इसके बाद बदमाश बैग को छीनकर वहां से फरार हो गए. घायल दिवाकर को आनन-फानन में यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. वहां आक्रोशित भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया. पीसीआर वैन में तोड़फोड़ की गई.

पुलिस के मुताबिक, मृतक युवक का नाम दिवाकर कंसल है. वह मेडिकल की पढ़ाई कर रहा था. उसके पिता की किराना की दुकान है. रात को घर जाते समय बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया और पैसों से भरा बैग छीनकर चले गए. बैग में कितना कैश था, यह अभी साफ नहीं हुआ है. एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम इस मामले की जांच कर रही है.

बताते चलें कि नोएडा में लगातार व्यापारियों के साथ लूटपाट की वारदात हो रही है. कुछ महीने पहले भी एक किराना व्यापारी की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी. हत्या आरोपी कोई और नहीं बल्कि मृतक का साढू का भाई था. हत्या की यह वारदात नोएडा के थाना बादलपुर क्षेत्र में हुई थी. बादलपुर में अजय पाल नामक व्यापारी की किराना दुकान थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *