राजधानी देहरादून में रविवार को दर्दनाक हादसा हुआ है। जहां पार्षद पूनम पुंडीर की बेटी को 6 लावारिस कुत्तों ने नोंच डाला। मौके पर चीख-पुकार मच गई। बताया गया कि लावारिस कुत्तों ने उसे पेट सहित शरीर में कई जगह से काटा है।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना मोहल्ला निरंजनपुर की है। जहां निवासी वार्ड-76 की पार्षद पूनम पुंडीर की बेटी कोमल पर लावारिस कुत्तों ने हमला किया है। दरअसल, महिला रविवार सुबह घर से सैर करने के लिए निकली थी। इसी बीच नेगी स्वीट शॉप के पास पहुंचते ही कुत्तों ने उसे निशाना बनाया। हादसे में महिला नीचे गिर गई। कुत्तों ने झुंड बनाकर महिला को नोंचना शुरू कर दिया। इस दौरान महिला को पेट सहित शरीर में कई जगह काटा गया। जिसमें वह गंभीर घायल हो गई।
सूत्रों की मानें तो मौके पर मौजूद लोगों ने महिला की कोई मदद नहीं की। लोग सड़क पर खड़े होकर तमाशा देखते रहे। किसी ने भी कुत्तों को भगाने का प्रयास नहीं किया। वहीं, महिला ने खुद हिम्मत जुटाई और कुत्तों के चंगुल से खुद को छुड़वाया। इस घटना की जानकारी पर पहुंचे परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां महिला का इलाज किया गया।