देहरादून में कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शहर के पॉश इलाके राजपुर रोड पर स्थित मालसी के पास सोमवार सुबह एक सनसनीखेज फायरिंग की घटना सामने आई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक स्कॉर्पियो सवार कुछ लोगों ने पास न मिलने को लेकर आगे चल रही फॉरच्यूनर गाड़ी पर अचानक गोली चला दी। गोलीबारी के दौरान सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक पर निकले एक व्यक्ति को गोली लग गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
हालांकि, डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद घायल व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है, खासकर उस समय जब सुबह के समय बड़ी संख्या में लोग टहलने और व्यायाम के लिए निकलते हैं।
सूचना मिलते ही देहरादून पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और कानून-व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है !