स्थान। नैनीताल।
रिपोर्ट। ललित जोशी
नैनीताल। सरोवर नगरी से लगभग 11 किलोमीटर दूर भवाली सेनेटोरियम नैनीबैंड बाईपास के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया।
आमने-सामने की जोरदार टक्कर में एक कार लगभग 25 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रानीखेत से हल्द्वानी की ओर जा रही बलिनो कार (UK 01B 3732) और कैंची की ओर जा रही स्विफ्ट कार (HP39E 1053) की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बलिनो अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में बलिनो सवार दीपक बिष्ट (36 वर्ष), पुत्र हरि सिंह बिष्ट, निवासी ग्राम खनिया (रानीखेत) गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही भवाली पुलिस मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायल को खाई से बाहर निकाला।
इसके बाद घायल को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा और खतरनाक मोड़ों पर सतर्कता बढ़ाने की मांग की है।