ऋषिकेश। स्वर्गाश्रम क्षेत्र में एक बाबा को असहाय जानवरों की सेवा करते देख एक विदेशी महिला इतनी प्रभावित हुई कि उन्होंने ताईवान से इलाहाबाद निवासी गुलाब सिंह के लिए तीन लाख रुपये की मदद भेज दी। शनिवार को भारत में उनके शिष्य पंजाब से स्वर्गाश्रम पहुंचे और बाबा गुलाब को कुछ रकम नकद सौंपी। बाकी की धनराशि बाबा गुलाब को इलाहाबाद उनके घर पहुंचने पर देने की बात कही गई। विदेशी गुरु ताईवान निवासी सुप्रीम मास्टर चिंग हाय के शिष्य पंजाब से स्वर्गाश्रम पहुंचे। शिष्य ऋतु धीर ने बताया कि गुरू मां कुछ साल पहले स्वर्गाश्रम क्षेत्र में भ्रमण के लिए आई थी और उन्होंने इस दौरान गुलाब को असहाय जानवरों की सेवा करते देखा था।
इसी से प्रभावित होकर उन्होंने असहाय जानवरों की सेवा के लिए बाबा गुलाब सिंह को वित्तीय मदद भेजी है। बताया कि गुरू मां चिंग हाय लोगों को ध्यान योग का प्रशिक्षण देती हैं, और देश भर में वह निर्धन व असहाय लोगों की मदद के लिए अक्सर सहायता भेजती रहती हैं। पुलिस की मौजूदगी में बाबा गुलाब सिंह को 15 हजार रुपये सौंपे गए हैं। बाकी के तीन लाख रुपये गुलाब सिंह का खाता नहीं होने के चलते नहीं दिए गए हैं। ऋतु ने बताया कि बाबा गुलाब को अब यह रकम उनके घर इलाहाबाद पहुंचने के बाद दी जाएगी। स्थानीय लोगों ने बताया कि वह पिछले नौ साल से स्वर्गाश्रम क्षेत्र में घूमते रहते हैं। वह रोजाना स्वर्गाश्रम से लक्ष्मणझूला तक कुत्तों को लेकर घूमते हैं। ऋतु के साथ उनके पति राजीव धीर, बहन रेनु जैन और पारुल भी मौजूद थीं।