मंगलवार को सुबह से बिजली की अघोषित कटौती रही। करीब चार घंटे तक उपभोक्ता परेशान रहे। लगातार हो रही कटौती से लोगों में भारी रोष है। उन्होंने आपूर्ति सुचारु करने की गुहार लगाई है। बारिश के बाद नगर में बिजली की अघोषित कटौती हो रही है। नदीगांव, मंडलसेरा, आदर्श कॉलोनी, कठायतबाड़ा, दुग बाजार, नुमाइशखेत, चैरासी, घटबगड़, स्टेशन रोड, मजियाखेत, बिलौना, मेहरनबूंगा समेत शहर से सटे इलाके में सुबह आठ बजे बाद बिजली गुल रही। बीच-बीच में झटके साथ आई, लेकिन फिर चली गई। जिससे उपभोक्ता परेशान रहे। सामाजिक कार्यकर्ता हीरा बल्लभ भट्ट ने बताया कि अघोषित कटौती हो रही है। जिससे तमाम काम नहीं हो पा रहे हैं। बिजली संचालित पंपिंग योजनाएं भी प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने बताया कि ठंड बढ़ने से बिजली की खपत बढ़ जाती है। लोग रूम हीटर समेत अन्य बिजली संचालित यंत्रों का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सुबह से लेकर दोपहर तक लगातार करीब चार घंटे बिजली काटी गई। ग्रामीण बसंत चंद्र, पूरन चंद्र, महेश सिंह, पुष्कर, राजेंद्र उपाध्याय आदि ने कहा कि यदि अघोषित कटौती समाप्त नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। इधर ईई भाष्कर पांडे ने बताया कि लोकल स्तर पर कटौती नहीं है। छोटे फॉल्ट को दुरुस्त किया जा रहा है।