रूद्रपुर। रैन बसेरे में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। उसकी शिनाख्त बरेली निवासी बद्री उम्र 45 वर्ष के रूप में हुई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसके बारे में जानकारी ली। लोगों ने बताया कि वह पिछले लगभग छह माह से यहां आकर रह रहा था।
गुरुवार दोपहर पुलिस को रेलवे स्टेशन के सामने स्थित रैन बसेरे में युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। जिस पर एसएसआइ एमएम जोशी ने मौके पर जाकर मामले की जानकारी ली। रैन बसेरे में रह कर अपनी गुजर बसर करने वाले अन्य लोगों ने पुलिस को बताया कि वह पिछले छह माह से ही यहां आकर रह रहा था। बद्री सांस की बीमारी का रोगी भी था। बुधवार रात्रि वह रैन बसेरे में रोज की तरह आकर सो गया था। सुबह वह नहीं उठा तो सबने समझा उसकी तबीयत ठीक नहीं होगी, सही होगा तो उठ जाएगा। लेकिन दोपहर तक जब वह नहीं उठा तो उसे हिलाया गया। इस दौरान उसके मर जाने का पता लगा। साथ ही बताया कि बद्री की शादी नहीं हुई थी, उसने बताया था कि बरेली से रामपुर जाने वाले मार्ग पर कहीं उसकी बहनें रहती हैं। पुलिस ने उसके शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस बद्री के परिजनों के बारे में जानकारी हासिल कर सूचना देने का प्रयास कर रही है।