मुनिकीरेती । नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक के धोतिया गांव में बीते चार दिनों से टस्कर हाथी की दस्तक से ग्रामीण दहशत में हैं, मगर राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क प्रशासन शिकायत के बावजूद ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए मुकम्मल इंतजाम नहीं कर रहा है। बीते चार दिनों से टस्कर हाथी हर रोज धोतिया गांव में पहुंच रहा है। लिहाजा ग्रामीणों को शाम ढले घरों में कैद होने को मजबूर होना पड़ रहा है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि गांव में लगातार टस्कर हाथी उत्पात मचा रहा है। हाथी ग्रामीणों के घरों व खेतों को लगातार नुकसान पहुंचा रहा है। उन्होंने बताया कि पार्क प्रशासन को बीते चार दिनों से लगातार हाथी को गांव में प्रवेश से रोकने के लिए इंतजाम करने की मांग की जा रही है, मगर विभागीय अधिकारी व कर्मचारी ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं हैं। बताया कि टस्कर हाथी के डर से लोगों को जल्दी घरों में कैद होना पड़ रहा है। इन दिनों बच्चों की परीक्षाएं चल रही हैं, हाथी की दहशत से वह स्कूल जाने से कतराने लगे हैं। कई दफा टस्कर दिन के समय भी गांव के आसपास दिखाई दिया है। ऐसे में जानमाल के नुकसान की आशंका बनी हुई है। मगर संबंधित लापरवाह बना हुआ है।
कोट्स
गौहरी रेंज अधिकारी राजेंद्र मोहन नौटियाल ने बताया कि धोतिया गांव में टस्कर के आने की ग्रामीणों द्वारा कोई सूचना नहीं दी गई। अगर टस्कर गांव के आसपास मौजूद है तो वहां सुरक्षा के लिए कर्मचारियों को भेजा जाएगा।