कुमाऊं आयुक्त चंद्रशेखर भट्ट ने जिला योजना के अंतर्गत स्वीकृत धनराशि 20 मार्च से पूर्व व्यय करने और जिले भर में किए जा रहे निर्माण कार्यों में विशेष गुणवत्ता रखने के निर्देश दिए है। विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने बीस सूत्रीय कार्यक्रम में जिले को ए श्रेणी में लाने के प्रयास करने के निर्देश दिए। जल निगम, जल संस्थान, लोनिवि समेत स्वास्थ्य विभाग की बड़ी योजनाओं का औचक निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने जल संस्थान को बंद हैंडपंपों को सही कराने, वन विभाग को वनाग्नि से निपटने की पूरी तैयारी करने, पर्यटन विभाग से नए पर्यटन स्थलों को विकसित कर पैराग्लाइडिंग की गतिविधियों को बढ़ाने और दुग्ध विकास अधिकारी को नए दूध मार्गों को चयनित कर दुग्ध व्यवसाय को बढ़ावा देने के साथ ही उन्होंने अधिकारियों को मार्च में बिना जिलाधिकारी की अनुमति के अवकाश नहीं लेने के निर्देश भी दिए।
बीस सूत्रीय कार्यक्रम के लिए उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाते हुए जिले को ए श्रेणी में लाने के पूरे प्रयास करने के निर्देश दिए। खासकर स्वास्थ्य विभाग, पीएमजेएसवाई को व्यक्तिगत रुचि लेते हुए इस कार्य को करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो विभाग स्वीकृत राशि को समय पर खर्च नहीं कर पाएंगे उनकी धनराशि में कटौती कर अन्य विभागों को आवंटित कर दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को जल निगम, जल संस्थान, लोनिवि समेत स्वास्थ्य विभाग की बड़ी योजनाओं का औचक निरीक्षण करने को कहा। गर्मियों को देखते हुए उन्होंने जल संस्थान को बंद हैंडपंपों को सही कराने, वन विभाग को वनाग्नि से निपटने की पूरी तैयारी करने के निर्देश दिए। बैठक में डीएम ईवा आशीष, सीडीओ मयूर दीक्षित के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।