हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर कोर कालेज के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक कार पुराने पुल से रतमऊ नदी में गिर गई। इसमें रामानंद आश्रम के परमाध्यक्ष एवं महामंडलेश्वर और उनके एक अनुयायी की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।तीनों घायलों को रामकृष्ण मिशन अस्पताल से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि पुराना पुल वाहनों की आवाजाही के लिए बंद किया हुआ है, लेकिन इससे पहले कोई साइन बोर्ड नहीं लगा है। माना जा रहा है कार पुल पर पहुंचकर अनियंत्रित हो गई और नदी में गिर गई।
शनिवार को श्रवणनाथ नगर स्थित रामानंद आश्रम के परमाध्यक्ष और महामंडलेश्वर भगवानदास और उनका अनुयायी एमएल गोस्वामी दिल्ली से हरिद्वार आ रहे थे। बताया जाता है कि शनिवार देर रात करीब 12 बजे कोर कालेज के पास रतमऊ नदी के पुराने पुल के पास कार अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई।