वॉचमैन की परीक्षा में आठवीं पास युवाओं ने नकल का ऐसा तरीका निकाला, देखकर चकरा गए अधिकारी

Spread the love

भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) में वॉचमैन की भर्ती परीक्षा में चार युवा इस तरह से नकल करते पकड़े गए कि अधिकारी भी हैरान रह गए। युवा परीक्षा में ब्लूटूथ डिवाइस से नकल करते पकड़े गए। इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। प्रदेशभर में वॉचमैन के 47 पदों के लिए  31,500 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। प्रदेश में 79 केंद्रों पर परीक्षा हुई, जिसमें देहरादून में सर्वाधिक 39 केंद्र थे। कई अन्य केंद्रों पर भी नकल करते युवा पकड़े गए हैं।

रविवार को आयोजित हुई एफसीआई वॉचमैन भर्ती परीक्षा 2017 में देहरादून के श्री लक्ष्मण विद्यालय इंटर कॉलेज में दो छात्र ब्लूटूथ डिवाइस से नकल करते हुए पकड़े गए। इन छात्रों ने कान में ब्लूटूथ डिवाइस लगाई हुई थी।

दोनों के खिलाफ कॉलेज के प्राचार्य राम लखन गैरोला ने पटेलनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। इसी प्रकार, वर्णी जैन इंटर कॉलेज और गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज में भी एक-एक छात्र नकल करते पकड़ा गया।

इनके खिलाफ भी संबंधित थानों में मुकदमा दर्ज कराया गया है। खास बात यह है कि एफसीआई उत्तराखंड में आठवीं पास युवाओं के लिए यह भर्ती निकली थी, जिसमें 31,500 युवा पंजीकृत हुए थे। इसमें बड़ी संख्या हरियाणा के युवाओं की है। एफसीआई के महाप्रबंधक अनुपम बी व्यास ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *