रानीपोखरी पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त एक नेपाली समेत दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पुलिस ने चरस व स्मैक बरामद की गई है। आरोपियों ने युवाओं और विदेशी पर्यटकों को नशीले पदार्थ बेचने की बात स्वीकार की है।
रानीपोखरी पुलिस के मुताबिक बृहस्पतिवार देर शाम सूचना मिली थी कि दो लोग चरस और स्मैक का सौदा करने के लिए रानीपोखरी पहुंचे हैं। क्षेत्र में चेकिंग के दौरान जौलीग्रांट एयरपोर्ट तिराहे के समीप संदिग्ध अवस्था में खड़े एक युवक को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 6.70 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी की पहचान राहुल त्रिवेदी पुत्र श्याम कुमार त्रिवेदी निवासी मकान नंबर 332, बनखंडी, ऋषिकेश के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने ऋषिकेश-दूनमार्ग पर वीरपुर मोड़ के समीप से एक नेपाली युवक को पकड़ लिया। पुलिस को आरोपी से एक किलोग्राम चरस बरामद हुई है। खड़क बहादुर पुत्र तेग बहादुर निवासी बरगांव, जिला बर्दिया, नेपाल ने पुलिस को बताया कि क्षेत्र में युवाओं को नशा सप्लाई करने के लिए आया था। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र रौतेेला ने बताया कि दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक योगेश कुमार, कांस्टेबल भारत सिंह, दिनेश चौहान, सचिन राणा, युवराज सिंह, अनिरुद्घ कुमार, आनंद कुमार, चैनपाल आदि शामिल रहे!