कोरिया की वर्ल्डबेस्टेक कंपनी ने उत्तर प्रदेश में विभिन्न परियोजनाओं में 90,000 करोड़ रुपये का निवेश करने की घोषणा की है। वर्ल्डबेस्टेक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और अध्यक्ष केके किम ने कहा कि कंपनी यह निवेश गैस आधारित बिजली संयंत्रों, कोल्ड स्टोरेज तथा खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में करेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को निवेश योजना का ब्योरा देते हुए किम ने कहा कि हम मथुरा में गैस आधारित बिजली संयंत्र और अन्य संबंधित कंपनियां स्थापित करेंगे। इससे मथुरा और आसपास के जिलों के आलू उत्पादों की समस्या हल हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि कंपनी का इरादा गैस बिजली संयंत्र, खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों तथा कोल्ड स्टोरेज के क्षेत्र में 90,000 करोड़ रुपये का निवेश करने का है। कोरिया की कंपनी लखनऊ में आयोजित उत्तर प्रदेश निवेशक सम्मेलन में भी शामिल हुई थी। मुख्यमंत्री आज मथुरा में थे। कंपनी के अधिकारियों को मुख्यमंत्री के साथ बैठक के लिए मथुरा बुलाया गया था।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कोरियाई निवेशकों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उन्हें हरसंभव मदद देगी और वह अपनी निवेश योजना को लेकर आगे बढ़ें। उन्होंने राज्य के बिजली मंत्री श्रीकांत शर्मा और अधिकारियों को भी सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।