हिमाचल में मौसम फिर बिगड़ने वाला है। इससे प्रदेश में बारिश और बर्फबारी के आसार है। प्रदेश में मंगलवार और बुधवार को मौसम साफ रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने पहली मार्च से प्रदेश में दोबारा मौसम बिगड़ने का पूर्वानुमान जताया है।
मध्य पर्वतीय क्षेत्रों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों किन्नौर व लाहौल-स्पीति में पहली से चार मार्च तक बारिश-बर्फबारी होने के आसार हैं।
मैदानी क्षेत्रों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में एक और दो मार्च को बारिश होने की संभावना है, जबकि तीन और चार मार्च को मौसम साफ रहेगा। दो मार्च को होली के दिन पूरे प्रदेश में बारिश-बर्फबारी होने के आसार जताए गए हैं।
प्रमुख शहरों में ये रहा तापमान
सोमवार को प्रदेश भर में मौसम साफ रहा। धूप खिलने से प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। सोमवार को शिमला में अधिकतम तापमान 18.4, ऊना में 27.2, नाहन में 23.6, सोलन में 23.5, धर्मशाला में 18.2, सुंदरनगर-भुंतर में 26.0, कांगड़ा में 25.9, बिलासपुर में 26.1, चंबा में 24.1,
डलहौजी में 15.1 और कल्पा में 13.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। उधर, रविवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान – 6.0, कल्पा में 1.4, मनाली में 2.0, शिमला में 7.6, ऊना में 10.5, नाहन में 10.7, सोलन में 8.2, कांगड़ा में 9.4, मंडी में 9.6, हमीरपुर में 9.7 और चंबा में 7.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।