निर्धारित समय पर होंगे निकाय चुनाव : सीएम

Spread the love
ऋषिकेश। नैनीताल उच्च न्यायालय द्वारा नगर निकायों के सीमा विस्तार की अधिसूचनाओं को निरस्त करने के फैसले का मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सम्मान किया है। उन्होंने मामले में एक सप्ताह तक लोगों से आपत्तियां आमंत्रित कराकर जिलाधिकारी स्तर पर सुनवाई के बाद अंतिम अधिसूचना जारी करने की बात कही है। सीएम रावत ने कहा कि राज्य में निकाय चुनाव समय पर ही कराए जाएंगे। शनिवार को परमार्थ निकेतन में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने आए सूबे के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मीडिया कर्मियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि हम उच्च न्यायालय द्वारा नगर निकायों के सीमा विस्तार की अधिसूचनाओं को निरस्त करने के फैसले का स्वागत करते हैं।

कोर्ट ने केवल सीमा विस्तार की अधिसूचनाओं को निरस्त किया है। निकाय चुनाव पर रोक नहीं लगाई है। सीएम ने कहा कि सरकार न्यायालय के आदेश के तहत हफ्ते भर के भीतर संबंधित पक्षों की सुनवाई के लिए आपत्तियां आमंत्रित करेगी। आपत्तियां आमंत्रित करने के बाद डीएम इसकी सुनवाई करेंगे। जिसके बाद अंतिम अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इस मामले को जल्द सुलझा लिया जाएगा। लिहाजा इसके लिए सरकार को सुप्रीम कोर्ट जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव समय पर हो जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *