विधानसभा अध्यक्ष के पुत्र को नियम विरुद्ध नियुक्ति देने पर उत्तराखंड क्रांति दल ने प्रदेश सरकार का पुतला दहन किया।

Spread the love

उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष के पुत्र को नियम विरुद्ध नियुक्ति देने के प्रकरण में आज दिनांक 7 अप्रैल 2018 दिन शनिवार को उत्तराखंड क्रांति दल की महानगर इकाई ने द्रोण चौराहे पर प्रदेश सरकार के विरुद्ध जोरदार नारेबाजी के साथ प्रदर्शन करते हुए प्रदेश सरकार का पुतला दहन किया। आज दोपहर 12:30 बजे महानगर इकाई के सभी कार्यकर्ता महानगर अध्यक्ष संजय क्षेत्री के नेतृत्व में केंद्रीय कार्यालय में एकत्रित हुए। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष संजय क्षेत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बेरोजगारों को रोजगार देने के वादे के साथ सत्ता हासिल करने के बाद प्रदेश के बेरोजगारों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है आंदोलनरत बेरोजगारों की मांगों को सुना नहीं जा रहा है। रोजगार की मांग करने वाले बेरोजगारों के ऊपर लाठियां बरसाई जा रही है और बेरोजगारों को रोजगार देने के नाम पर सरकार केवल अपने विधायकों मंत्रियों के पुत्रों को और संवैधानिक तरीके से रोजगार बांट रही है। उन्होंने कहा कि यह सरकार की छोटी मानसिकता का प्रतीक है कि विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल के पुत्र पीयूष अग्रवाल को जल संस्थान में उपनल के माध्यम से सहायक अभियंता के पद पर नियुक्त किया गया है। इस पद के लिए नहीं तो कोई विज्ञप्ति जारी की गई और ना ही किसी किस्म का साक्षात्कार या परीक्षा आयोजित की गई।उल्लेखनीय है कि उपनल के तहत भूतपूर्व सैनिक तथा उनके परिवार के सदस्यों को नियुक्ति दी जाती है और प्रेम चंद्र अग्रवाल का सेना से कहीं दूर दूर तक कोई वास्ता नहीं है। इससे साबित होता है कि उपनल भी घोटालों का केंद्र बना हुआ है। प्रदेश सरकार के माननीयों द्वारा अपने चहेतों को नियुक्तियां दिलाकर प्रदेश के बेरोजगारों के साथ धोखा किया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी जनता की समस्याओं को नजरअंदाज करते हुए केवल अपने चहेतों को राजनीति,ठेकेदारी एवं सरकारी सेवाओं में एडजस्ट कर रही है। जीरो टॉलरेंस की बात करने तथा प्रदेश में लोकायुक्त को गैरजरूरी बताने वाले मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को इस राजनीतिक भ्रष्टाचार पर जनता को जवाब देना पड़ेगा। कार्यकर्ताओं ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल तथा प्रदेश सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए प्रदेश सरकार के पुतले को आग के हवाले कर दिया। पुतला दहन करने वालों में महानगर अध्यक्ष संजय क्षेत्री के साथ वरिष्ठ नेता लताफत हुसैन, केंद्रीय महामंत्री जय प्रकाश उपाध्याय, केंद्रीय महामंत्री जयदीप भट्ट ,केंद्रीय महामंत्री किशन सिंह रावत , अशोक नेगी ,गौरव उनियाल, दीपक कौशिक ,विजय, राजेंद्र बिष्ट ,ललित घिल्डियाल ,राजेंद्र प्रधान ,विमल रौतेला, माधव व चंद्र प्रकाश आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *