वैलेंटाइन डे पर घूमने का प्लान है तो यहां आइए। बर्फबारी का खूब आनंद ले सकेंगे।
मसूरी में मौसम का बदला मिजाज पहाड़ों की रानी मसूरी में पर्यटकों को भा रहा है। मंगलवार को बारिश के बीच ओलावृष्टि हुई तो पर्यटकों नें ओलों को बर्फ समझकर लुत्फ उठाया। वहीं किंगक्रेग से पिक्चर पैलेस और लाइब्रेरी बाजार की और जाने वाली सड़कों पर ओलों की 2 इंच मोटी सफेद परत जमने से फिसलन बढ़ गई।
इसके चलते कई स्थानों पर यातायात बाधित रहा। माल रोड पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के भवन के पास चौपहिया और दुपहिया वाहन फिसलन में जूझते नजर आए। वहीं लाल टिब्बा में बर्फ की हलकी फुहारें पड़ीं, लेकिन ज्यादा देर तक टिकी नहीं।
मंगलवार सुबह करीब 4 बजे के तेज हवाओं के बीच आकाशीय बिजली कड़कने के साथ ही मसूरी के मौसम का रुख अचानक बदल गया। बारिश के साथ ओले गिरने से माल रोड, कैमल बैक रोड, कंपनी बाग आदि क्षेत्र की सड़कें पर ओलों की 2 इंच मोटी सफेद परत बन गई। सुबह लोग घरों से निकले तो सड़कों पर ओलों की चादर बिछी दिखी। इसके बाद पर्यटकों ने ओलों को बर्फ समझकर शहर के विभिन इलाकों में पहुंचकर बर्फबारी के जैसा लुत्फ उठाया।
युवा जोड़ों ने इस मौसम को वेलेंटाइन-डे के तोहफे के रूप में लिया और माल रोड पर साइकिल से चक्कर लगाते दिखे। वहीं मसूरी पहुंचे कई पर्यटकों ने वेलेंटाइन-डे के दिन बर्फबारी की उम्मीद के चलते अपना प्रवास एक दिन बढ़ा लिया है। मसूरी के ऊंचाई वाले स्थानों में प्रमुख लाल टिब्बा में बर्फ की हलकी फुहारें पड़ीं, लेकिन ज्यादा देर तक टिकी नहीं। भट्टा गांव और झड़ीपानी क्षेत्र के लोगों का कहना है कि इतनी ओलावृष्टि लगभग पांच साल बाद हुई है। इसके अलावा मसूरी के निचले इलाकों में भी भारी ओलावृष्टि दर्ज की गई है।
बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले की ऊंची चोटियों पर मंगलवार को दूसरे दिन भी बर्फबारी और कुमाऊं में कुछ स्थानों पर बारिश हुई। मुनस्यारी और धारचूला तहसील में कैलाश मानसरोवर पैदल यात्रा मार्ग लिपुलेख और नाभीढांग में हिमपात हुआ। पिथौरागढ़ में मंगलवार का न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सोमवार की तुलना में 3 डिग्री कम था। मुनस्यारी का न्यूनतम तापमान मंगलवार को शून्य डिग्री पर पहुंच गया।
केदारनाथ धाम सहित पूरी केदारपुरी बर्फ से लकदक हो चुकी है। 40 घंटे बाद मंगलवार दोपहर बर्फबारी रुकी। लेकिन शाम को फिर से शुरु हो गई। मंदिर से संगम तक चार फीट से अधिक बर्फ जम चुकी है। कई स्थानों पर साढ़े चार फीट से भी अधिक बर्फ है। मंगलवार दोपहर बाद से बर्फबारी थम गई है, पर आसमान घने काले बादलों से घिरा रहा। उधर चमोली जिले में बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, रुद्रनाथ सहित माणा और नीती घाटी में बर्फबारी हुई है।