फिर लगे फड़ दोपहर बाद हटे

Spread the love

नैनीताल। बैंड स्टैंड के पास कुछ लोगों ने मंगलवार को दोबारा फड़ लगा लिए। सूचना पर नगर पालिका की टीम और मल्लीताल पुलिस मौके पर पहुंच गई। नोकझोंक के बावजूद दोपहर बाद फड़ वालों ने खुद ही फड़ समेट लिए। फड़ कारोबारियों ने नगर पालिका के रवैये का विरोध भी किया।
महीनेभर पहले नगर पालिका ने फड़, खोखा वालों को पंत पार्क से अतिक्रमण का हवाला देकर हटा दिया था। हालांकि पालिका ने लाइसेंस धारी वेंडरों को बैठने के लिए जगह देने की बात कही है। अभी नगर पालिका वेंडर जोन नहीं बना सकी है। ऐसे में फड़, खोखा कारोबारी दो बार पंत पार्क में फड़ लगाने का प्रयास कर चुके हैं। नगर पालिका और पुलिस ने उन्हें फड़ नहीं लगाने दिया। मंगलवार सुबह फिर से कुछ लोगों ने पंत पार्क के पास स्थित बैंड स्टैंड के पास फड़ लगा लिए। सूचना पर नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंच गई। मल्लीताल थाने से पुलिस भी आ गई। फड़ कारोबारियों को सख्त हिदायत दी कि वह पालिका की जमीन पर अवैध कब्जेे का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। इस पर फड़, खोखे वाले यह कह कर विरोध जताने लगे कि उनके सामने जीवनयापन की समस्या पैदा हो गई है। महिलाओं ने कहा कि अगर उन्हें हटाया गया तो वह आत्मदाह कर लेंगी। दो घंटे तक विवाद की स्थिति बनी रही, लेकिन बाद में विवाद शांत हो गया और फड़ वालों ने अपने फड़ समेट लिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *