पिथौरागढ़। इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं के सपनों को उड़ान देने के लिए सीमांत इंजीनियरिंग कॉलेज में इंक्यूवेटर सेंटर खोला गया है।
जिलाधिकारी सी.रविशंकर ने सेंटर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को क्षेत्र की समस्याओं को हल करने के लिए स्थानीय संसाधनों का इस्तेमाल करते हुए उद्यमिता को बढ़ावा देना होगा। उन्होंने समस्याओं के समाधान के लिए नई तकनीक के इस्तेमाल की जरू रत बताई। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे इनोवेशन से छात्र कृषि, शिक्षा क्षेत्र के साथ ही स्थानीय समस्याओं का समाधान खोज सकते हैं और उद्यमों की स्थापना कर सकते हैं जिसमें प्रशासन पूरी मदद करेगा। संस्थान के निदेशक प्रो.वीके सिंह ने सेंटर में उपलब्ध तकनीकी सुविधाओं और विशेषताओं की जानकारी दी। समन्वयक हीरा भट्ट ने कहा कि सेंटर छात्र, कारपोरेट और तकनीकी विशेषज्ञों के बीच पुल का काम करेगा साथ ही छात्र-छात्राओं को देश के औद्योगिक क्षेत्र से जोड़ने का काम भी करेगा। इससे युवा बेहतर उद्यमी बनकर नए स्टार्टअप को शुरू करने की क्षमता हासिल कर सकेंगे। यूसर्क के निदेशक डॉ. दुर्गेश पंत ने कहा कि सेंटर खुलने से उद्यमिता विकास में सीमांत के युवाओं को भी वही सुविधाएं मिल सकेंगी जो महानगरों में मिलती हैं। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्र के युवाओं के लिए उद्यमिता विकास और विज्ञान के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं।