NEWSWRAP: पढ़ें गुरुवार सुबह की 5 बड़ी खबरें

Spread the love

अमेरिका में फ्लोरिडा के हाईस्कूल में हुई गोलीबारी की घटना में 17 लोगों की मौत हो गई है. बंदूकधारी हमलावर 19 वर्षीय पूर्व छात्र था, जिसे स्कूल प्रबंधन ने निकाल दिया था. ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के एग्जीक्यूटिव मेंबर रहे सलमान नदवी पर अमरनाथ मिश्रा ने बड़ा आरोप लगाया है. मिश्रा का कहना है कि नदवी मस्जिद का दावा छोड़ने के एवज में 5 हजार करोड़ की डील चाहते थे. पढ़ें गुरुवार सुबह की 5 बड़ी खबरें…

1.अमेरिका: फ्लोरिडा के स्कूल में पूर्व छात्र ने बरसाईं गोलियां, 17 की मौत

अमेरिका में फ्लोरिडा के हाईस्कूल में हुई गोलीबारी की घटना में 17 लोगों की मौत हो गई है. बंदूकधारी हमलावर 19 वर्षीय पूर्व छात्र था, जिसे स्कूल प्रबंधन ने निकाल दिया था. यह घटना भारतीय समयानुसार बुधवार को देर रात हुई. स्थानीय पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है. लाइव टेलीविजन फुटेज में छात्रों को इमारत से बाहर निकलते देखा गया है और दर्जनों पुलिस और आपातकालीन सेवाओं के कर्मियों ने इस क्षेत्र को घेर रखा है.

2.श्रीश्री के करीबी ने नदवी पर लगाया बड़ा आरोप, कहा- 5 हजार करोड़ की डील चाहते थे

ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के एग्जीक्यूटिव मेंबर रहे सलमान नदवी पर अमरनाथ मिश्रा ने बड़ा आरोप लगाया है. मिश्रा का कहना है कि नदवी मस्जिद का दावा छोड़ने के एवज में 5 हजार करोड़ की डील चाहते थे. राम जन्मभूमि सद्भावना समिति के अध्यक्ष और श्रीश्री रविशंकर के सबसे करीबी अमरनाथ मिश्रा ने आरोप लगाया है कि जिस फार्मूले को लेकर सलमान नदवी और सुन्नी सेंट्रल बोर्ड के अध्यक्ष श्रीश्री रविशंकर से मिलने गए थे. उस फार्मूले के पीछे एक बड़ी डील करने की तैयारी थी.

3. जैकब जुमा ने दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति पद से दिया इस्तीफा

दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति जैकब जुमा ने बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया. जुमा पर पिछले कुछ समय से अफ्रीकन नेशनल कांग्रेस (एएनसी) की ओर से पद छोड़ने का दबाव बढ़ता जा रहा था. इसी के साथ भ्रष्टाचार और घोटालों को लेकर विवादों में रहे जुमा के 9 वर्षीय शासन का अंत हो गया. राष्ट्र के नाम दिए गए अपने 30 मिनट के संबोधन में 75 वर्षीय जुमा ने अफ्रीकी नेशनल कांग्रेस के रवैये से असहमति जताई और कहा कि दिसंबर में हुए चुनावों में सिरिल रमफोसा के पार्टी अध्यक्ष चुने जाने के बाद उन्हें बाहर का रास्ता दिखाने के लिए एएनसी ने गलत रुख अपनाया.

4. तीन दिन में तीन यात्राएं, चुनावी मोड में बीजेपी, निशाना 2019 पर

केंद्र की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने मिशन 2019 के लिए अभी से चुनावी बिगुल फूंक दिया लगता है. पार्टी तीन दिन में तीन यात्रा शुरू कर रही है, जिसमें चुनाव का एजेंडा भी साफ देखा जा सकता है. मंगलवार को यूपी के अयोध्या से रामेश्वरम के लिए ‘राम राज्य यात्रा’ शुरू हुई तो वहीं राष्ट्र रक्षा महायज्ञ के लिए बीजेपी ने इंडिया गेट से बुधवार को ‘जल-मिट्टी रथ यात्रा’ का आगाज किया. तीसरी यात्रा के रूप में बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह आज हरियाणा में बाइक रैली निकालने वाले हैं. इन यात्राओं से साफ संकेत हैं कि बीजेपी 2019 के चुनाव में विकास से ज्यादा राष्ट्रवाद, हिंदुत्व और राममंदिर को प्राथमिकता देने वाली है.

5. ‘मोदी केयर’ पर केंद्र ने राज्यों की बुलाई बैठक, ममता पहले ही झाड़ चुकी हैं पल्ला

कई राज्य सरकारों के इनकार के बाद अब केंद्र सरकार ने अपनी महत्वाकांक्षी योजना ‘मोदी केयर’ को लेकर आज बैठक बुलाई है. वित्त मंत्री अरुण जेटली ने इस साल के बजट में 50 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के लिए ‘आयुष्मान भारत’ नाम से योजना का ऐलान किया. दावा किया गया कि लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने वाली ये सरकारी योजना दुनिया में अपनी तरह की सबसे बड़ी योजना होगी. इस योजना को जमीन पर कैसे उतारा जाएगा, इसके लिए सरकार ने कवायद शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *