नैनीताल तक ओएफसी के लिए खोद डाला हाईवे

Spread the love

हल्द्वानी। नेशनल हाईवे से लेकर हल्द्वानी के तमाम मुख्य और आंतरिक मार्गों की सड़कें इन दिनों मोबाइल कंपनियों ने खोद डाली हैं। नेशनल हाईवे को तो बीएसएनएल की अपनी कंपनी टीसीआईएल ने काठगोदाम से नैनीताल तक खोद डाला है। इसमें सबसे बुरी बात यह है कि मोबाइल लाइनें बिछाने के लिए डीएम ने जिस कमेटी का गठन कर सड़क खोदने के मानक तय किए थे उन्हें ताक पर रखकर निजी और सरकारी कंपनियों ने सड़कें खोद डाली हैं। कई जगहों पर इन्हें नहीं भरा गया है। खासकर नैनीताल हाईवे में सड़क काटकर न भरने से गाड़ियों के आवागमन में काफी दिक्कतें पेश आ रही हैं और जाम लग रहा है।
नैनीताल हाईवे में काठगोदाम से लेकर नैनीताल तक बीएसएनल की टीसीआईएल कंपनी सेना के लिए ओएफसी लाइन बिछाने का काम कर रही है। काम अपने अंतिम चरण में है। लेकिन काठगोदाम से रानीबाग के बीच सड़क एक सीध में काटकर खुली छोड़ी गई है। इसे कंपनी ने मिट्टी से भरा नहीं है। सड़क की चौड़ाई पहले ही पांच से छह मीटर है। इसके चलते सड़क की चौड़ाई महज चार से पांच मीटर रह गई है। ऐसे में रोजाना ट्रैफिक जाम हो रहा है और लोग परेशान हैं।
इसके अलावा देवलचौड़ और छड़ायल के आंतरिक मार्ग, डहरिया धान मिल समेत शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के तमाम आंतरिक मार्गों में निजी मोबाइल कंपनियों ने जगह-जगह सड़कें खोद डाली हैं। डीएम और लोनिवि के तय मानकों की ये निजी मोबाइल कंपनियां धज्जियां उड़ा रही हैं। इससे दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। लोग रात-बिरात गड्ढों में गिर रही हैं।
एनएच के मुख्य अभियंता बोलेº
बीएसएनएल के मुख्य अभियंता,एनएच अयाज अहमद ने बताया कि बीएसएनएल की सहयोगी टीसीआईएल कंपनी काठगोदाम से नैनीताल तक आप्टिकल फाइबर लाइन बिछाने का काम कर रही है। इसे एनएच ने मंजूरी दी है। जेसीबी के अगले हिस्से में रोड कटर लगाकर सड़क काटने की अनुमति एनएच ने दी है जो मानकों के अनुरूप है। अगर सड़क काटकर खुली छोड़ी गई है तो संबंधित कंपनी को एनएच की ओर से नोटिस भेजा जाएगा और भारी पेनाल्टी लगाई जाएगी।
अधिशासी अभियंता ने बतायाº
हल्द्वानी के अधिशासी अभियंता रणजीत सिंह ने बताया कि जिन मोबाइल कंपनियों को रोड कटिंग की अनुमति दी गई है उन्हें सारे मानक बता दिए गए हैं। अगर वह इन मानकों के अनुरूप काम नहीं कर रहे तो उन पर लोक निर्माण विभाग पेनाल्टी डालने के अलावा उनके किए गए अनुबंध को रद्द भी कर सकता है। सड़क के काटे गए हिस्से में काम पूरा होने के बाद ही लोनिवि हाटमिक्स करेगा।
लोनिवि ने निजी मोबाइल कंपनियों के लिए सड़क खोदने को तय किए ये मानकº
-प्रत्येक पांच किलोमीटर में एक समय में सिर्फ 200 मीटर सड़क खोदी जाएगी
-सड़क खोदने के बाद उसका मिट्टी से अच्छी तरह भरान करना होगा
-पर्वतीय इलाकों में 1 मीटर तथा मैदानी इलाकों में डेढ़ मीटर गहराई में मोबाइल और टेलीफोन केबल डाली जाएगी
-निजी या सरकारी कंपनी जिस-जिस जगह रोड कटिंग करेगी उसका लाइन डाइग्राम लोनिवि को देना होगा
-निजी या सरकारी कंपनी लाइन डाइग्राम के अनुसार ही निर्धारित लंबाई में रोड कटिंग करेगी
-रोड कटिंग करते वक्त सुरक्षा के सारे मानकों का पालन करना होगा
-जहां रोड कटिंग हो रही है वहां लाल झंडी या अन्य संकेतक लगाना अनिवार्य होगा
-ऐसा इसलिए ताकि जहां रोड कटिंग हो रही हो वहां कोई दुर्घटना न होने पाए
-संध्याकाल से पूर्व रोड कटिंग पूरी कर लेनी होगी
-रोड कटिंग के लिए जेसीबी मशीन का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित होगा
-सिर्फ मैनुअल विधि से ही रोड कटिंग की जाएगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *