हल्द्वानी। देहरादून में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के जनता दरबार में जहर खाकर जाने देने वाले ट्रांसपोर्टर प्रकाश पांडे की पत्नी और माता-पिता लोगों के साथ बुद्ध पार्क में धरने पर बैठ गए हैं। उन्होंने सरकार पर वादे को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया है। उन्होंने सरकार से जल्द अपने वादे को पूरा करने की मांग की है।
शुक्रवार को ट्रांसपोर्टर प्रकाश पांडे की पत्नी व माता-पिता लोगों के साथ बुद्ध पार्क में धरने पर बैठ गए। इस दौरान उन्होंने सरकार पर वादे को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया। प्रकाश पांडे के परिजनों ने कहा कि प्रकाश की मौत के बाद सरकार ने पत्नी को नौकरी और 12 लाख रुपये की सहायता देने का वादा किया था। सरकार के वादे के बाद ही लोगों ने प्रकाश पांडे के शव का अंतिम संस्कार किया था। लेकिन सरकार ने अभी तक वादा पूरा नहीं किया है। धरना देने पहुंचे लोगों ने कहा कि सरकार ने आर्थिक बदहाली के चलते जान देने वाले उद्यमी के परिवार से किया वादा पूरा नहीं किया है। जिसके चलते लोगों में सरकार के खिलाफ आक्रोश बढ़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रकाश पांडे के परिजनों को आर्थिक सहायता व नौकरी नहीं दी तो वह आंदोलन तेज करने के लिए मजबूर होंगे।