बागेश्वर। गरुड़ तहसील के वज्यूला वन रेंज के तहत वन विभाग ने एक गुलदार (तेंदुए) का शव बरामद किया। पशु चिकित्सकों ने तेंदुए का पोस्टमार्टम कर शव वन विभाग को सौंप दिया है। विभाग ने शव जला दिया है।
वज्यूला रेंज के बूंगा गांव के जंगल में गुरुवार की देर सांय ग्रामीणों ने एक तेंदुए का शव पड़ा देखा। उन्होंने इसकी सूचना जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र मेहता को दी। उन्होंने तुरंत वन विभाग को सूचित किया। वन क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह रमोला दलबल के साथ मौके पर पहुचे। उन्होंने तेंदुए का शव कब्जे में लिया।
रेंजर रमोला ने बताया कि तेंदुआ मादा है। उसकी लम्बाई 2 मीटर, ऊंचाई 65 सेंटीमीटर तथा उम्र दो वर्ष है। शुक्रवार पशु चिकित्सक डॉ गोविंद खाती और डॉ पीके पाठक ने तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम किया। वन विभाग ने शव को जलाकर नष्ट कर दिया है। चिकित्सकों के अनुसार तेंदुए की मौत प्राकृतिक हुई है।