उत्तराखंड के काशीपुर में भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) सेंटर में एक शर्मनाक घटना सामने आई है। कुश्ती के सीनियर नेशनल खिलाड़ी ने जूनियर ताइक्वांडो खिलाड़ी के साथ कुकर्म का प्रयास किया। घटना का पता चलने पर पीड़ित खिलाड़ी के पिता ने कोतवाली में आरोपी खिलाड़ी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी दिल्ली में एसएसबी में तैनात है।
रविवार को गोर्वधनपुरी गलता गेट जयपुर (राजस्थान) से आए एक व्यक्ति ने कोतवाली पहुंचकर कोतवाल चंचल शर्मा को तहरीर सौंपी। तहरीर में कहा गया है कि उनका 13 वर्षीय बेटा काशीपुर स्थित साई सेंटर में ताइक्वांडो की ट्रेनिंग ले रहा है।
16 फरवरी की देर रात उनके बेटे ने उन्हें फोन पर बताया कि शुक्रवार की रात करीब 9:30 बजे सेंटर में कुश्ती की ट्रेनिंग लेने आया एक सीनियर कुश्ती खिलाड़ी उसे बुलाकर स्टेडियम में स्थित बहुउद्देश्यीय हॉल में ले गया। उसने शराब पी रखी थी। हॉल में ले जाने के बाद वह उसके साथ अनैतिक संबंध बनाने के लिए जबरदस्ती करने लगा। इस बीच मौका पाकर जूनियर खिलाड़ी वहां से भाग निकला।
इधर, इस शर्मनाक घटना का पता चलते ही साई सेंटर में खलबली मच गई। सेंटर के अधिकारी कोतवाली पहुंच गए और पीड़ित खिलाड़ी के पिता को कार्रवाई नहीं कराने के लिए मनाने का भी प्रयास किया, हालांकि वह माने नहीं। पुलिस ने बागपत (यूपी) निवासी आरोपी कुश्ती खिलाड़ी मोहित कुंडू के खिलाफ धारा 377/511 एवं 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसको गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी कुश्ती खिलाड़ी ट्रेनिंग लेने आया हुआ था। वर्तमान में वह एसएसबी दिल्ली में तैनात है। पीड़ित खिलाड़ी के पिता की तहरीर पर आरोपी खिलाड़ी मोहित कुंडू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़ित खिलाड़ी का मेडिकल कराया गया है। खिलाड़ी की काउंसलिंग के लिए उसे चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के पास भेजा जाएगा।