इस वर्ष की कैलाश मानसरोवर यात्रा में जाने के इच्छुक श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। जानिए क्या है यह खुशखबरी…
भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण सोमवार से शुरू कर दिया है। कुमाऊं मंडल विकास निगम के माध्यम से हो रही इस यात्रा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 23 मार्च है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक इस बार यात्रा आठ जून से शुरू होगी, जो सितंबर तक चलेगी। यात्रा में 60 यात्रियों के 18 दल जाएंगे।
यात्रा का कुल खर्च 1.60 लाख रुपये होगा हालांकि इसमें संशोधन का प्रस्ताव निगम की ओर से लंबित है। इस निर्णय के बाद इसमें मामूली अंतर आ सकता है।
केएमवीएन के महाप्रबंधक त्रिलोक सिंह मर्तोलिया ने बताया कि दिल्ली से यात्रा की प्रक्रिया आठ जून से शुरू हो जाएगी। मेडिकल वीजा आदि की संतुष्टि के बाद यात्रियों का पहला दल 12 जून को काठगोदाम पहुंचेगा।
18 से 70 वर्ष तक के स्वस्थ नागरिक हैं यात्रा के पात्र
मर्तोलिया ने बताया कि इस वर्ष यात्रियों की कुल संख्या 1080 होगी, जिनका चयन ऑनलाइन आवेदन के बाद कंप्यूटरीकृत रूप से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बार यात्रा मार्ग में आंशिक परिवर्तन किया गया है। यात्री मालपा, सिरखा के बजाए धारचूला से मजन तक गाड़ी से जाएंगे, जहां से बूंदी होकर पैदल यात्रा होगी।
इस प्रकार यात्रियों को लगभग 25 किमी कम पैदल चलना पड़ेगा, इससे यात्रा में दो दिन के समय की बचत होगी, जिसके बदउनका डीडीहाट में स्टे बढ़ा दिया जाएगा और कुल यात्रा पूर्व की तरह 25 दिन की ही रहेगी। केएमवाई डॉट जीओवी डॉट इन पर विस्तृत विवरण उपलब्ध है।
कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए विदेश मंत्रालय द्वारा निर्धारित मानकों के मुताबिक यात्रा के लिए केवल 18 से 70 वर्ष तक के लोग ही आवेदन कर सकते हैं। मंत्रालय ने कहाहै कि यात्रा के दौरान अधिकतम 19500 फुट तक की ऊंचाई पर, अत्यंत दुर्गम मार्ग से गुजरना होता है। इसलिए शारीरिक रूप से स्वस्थ लोग ही इसमें चयनित हो पाते हैं। विशेषकर हृदय रोगी इसके लिए आवेदन न करें। इसीलिए यात्रा से पूर्व उनका दिल्ली में स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। ब्यूरो