हंस कल्चरल सेंटर की ओर से चिकित्सा और शिक्षा के लिए 46 जरूरतमंदों को 22 लाख रुपये की मदद दी गई। शहरी विकास मंत्री ने जरूरतमंदों को सहायता राशि के चेक वितरित किए।
शुक्रवार को मुनिकीरेती स्थित भजनगढ़ में संस्था के कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने शिरकत की। उन्होंने 46 जरूरतमंदों को सहायता राशि के चेक वितरित किए। जिनमें चिकित्सा के लिए राम दास को 90 हजार, मदन सिंह को 75 हजार, राम सिंह 50 हजार, सुरेश को 70 हजार और शिक्षा के लिए श्रीजन नेगी को 65 हजार, ममता को 35 हजार, कल्पना, संगीता व प्रिया भंडारी को 29-29 हजार, सलोनी चौहान को 42 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए। इस दौरान लाभान्वित होने वाले लोगों ने संस्था प्रमुख भोले महाराज और माता मंगला के द्वारा गरीबों की मदद के कार्यों की सराहना की। सेंटर के प्रभारी प्रदीप राणा ने कहा कि संस्था लगातार जरूरतमंदों की सहायता करती आ रही है। उन्होंने समाजसेवा के कार्यों को जारी रखने का संकल्प भी दोहराया। मौके पर नगर पालिकाध्यक्ष शिवमूर्ति कंडवाल, मुख्यमंत्री के भाई वीरेंद्र रावत, दिनेश सजवाण, चंद्रवीर पोखरियाल, चेतन शर्मा, शंभू पासवान, पंकज शर्मा आदि मौजूद थे।