हाथरस गैंगरेप पीडि़ता के परिवार से मिलने पहुंचे आप सांसद संजय सिंह पर हिंदूवादी कट्टर नेता दीपक शर्मा ने स्याही फेंक दी। इसके बाद वहां मौजूद लोगों और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उसकी पिटाई कर दी।
स्याही फेंकने वाले शख्स दीपक शर्मा को राष्ट्र स्वाभिमान दल का नेता बताया जा रहा है। दीपक शर्मा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उधर, आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने पीडि़ता के गांव के बाहर जमकर हंगामा मचाया। पुलिस ने उन्हें खदेड़ने के लिए हल्का लाठीचार्ज भी किया।
संजय सिंह पर स्याही तब फेंकी गई जब वह हाथरस गैंगरेपपीडि़ता के परिवारीजनों से मिलने के बाद मीडिया से बात कर रहे थे। संजय सिंह ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यूपी बेटियों के लिए कब्रगाह बन चुका है। उन्होंने पीडि़ता के परिवार को वाई श्रेणी सुरक्षा देने की मांग उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की। उन्होंने कहा कि हाथरस की बेटी के साथ न्याय नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने शुरू से दरिंदों को बचाने और मामले पर पर्दा डालने की कोशिश की। सरकार के अफसरों ने बेटी की मौत के बाद जबरन परिवारवालों की सहमति के बिना पीडि़ता का दाह संस्कार कर दिया। इसके बाद अफसर गैंगरेप को नकारने में जुट गए। उन्होंने कहा कि यूपी में बेटियां सुरक्षित नहीं है।
आप सांसद संजय सिंह पर स्याही फेंके जाने की घटना को लेकर आप ने भाजपा पर आरोप लगाया है। एक ट्वीट के जरिए पार्टी ने यह आरोप लगाया। । संजय सिंह के साथ पंजाब के आप विधायक और पार्टी के कई नेता हाथरस पहुंचे थे।