बापूग्राम स्थित सुमन विहार क्षेत्र के लगभग दो दर्जन परिवार बीते दो साल से पेयजल समस्या से जूझ रहे हैं। समस्या के समाधान के लिए नागरिक स्थानीय जनप्रतिनिधियों, जल संस्थान व प्रशासन तक की चौखट पर गुहार लगा चुके हैं, मगर उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। सुमन विहार स्थित गंगोत्री विद्या निकेतन विद्यालय के आसपास के करीब 20 परिवारों के सामने दो साल से पीने के पानी की समस्या बनी हुई है। जलापूर्ति बाधित होने से वाशिंदों को बूंद-बूंद पानी को तरसना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी मणीराम ममगाईं, जीतमणी पंत, मदन सिंह पंवार, द्वारिका प्रसाद कोठारी ने बताया कि उक्त क्षेत्र में पानी की सप्लाई खेड़ा मंदिर से की जाती है। बताया कि क्षेत्र में बिछाई गई एक इंची पेयजल लाइन काफी पुरानी हो चुकी है। तब क्षेत्र में आबादी काफी कम थी। उन्होंने बताया कि वर्षाकाल में कुछ समय तक लोगों को राहत मिल पाती है बाकी वर्ष भर पेयजल को जूझना पड़ता है। खासकर ग्रीष्मकाल में नागरिकों की दुश्वारियां बढ़ जाती हैं। बताया कि समस्या के समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों, संबंधित विभाग व प्रशासन से कइ बार लिखित शिकायत की जा चुकी है। मगर समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
कोट्स
सुमन विहार, बापूग्राम में पेयजल समस्या संज्ञान में नहीं है, यदि पेयजल लाइन में कोई दिक्कत होगी तो इसे दिखवाया जाएगा।
एवीएस रावत, जलकल अभियंता जल संस्थान ।