चौदह साल बाद भी नहीं बनी उम्मीदों की सड़क

Spread the love

अल्मोड़ा। ग्रामीणों को सड़क की सुविधा देने के लिए आज से लगभग चौदह साल पहले तत्कालीन सरकार ने लोधिया-चौमू मोटर मार्ग को स्वीकृति प्रदान की थी। लेकिन लंबा समय बीत जाने के बाद भी अभी तक इस सड़क मार्ग का निर्माण नहीं हो सका है। जिस कारण ग्रामीणों में खासा आक्रोश व्याप्त है।
जिला मुख्यालय से कुछ दूरी पर स्थित लोधिया से चौमू तक के गांवों को सड़क सुविधा का लाभ देने के उद्देश्य से सालों पहले बारह किमी लंबी सड़क स्वीकृत की गई थी। शुरूआती चरण में थोड़ा बहुत काम किया गया। लेकिन बाद में सड़क निर्माण के कार्य को आधा अधूरा छोड़ दिया गया। जिस कारण यहां के ग्रामीणों को आज भी जिला मुख्यालय तक आने के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम प्रधान दान सिंह ने बताया कि सड़क न होने के कारण जहां ग्रामीण अपने उत्पादन को बाजार तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं। वहीं रोगियों को अस्पताल ले जाने में भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने कहा है कि अधिकारियों से कई बार सड़क निर्माण की मांग की गई। लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। इधर विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बजट न होने के कारण मार्ग का निर्माण पूरा नहीं हो पा रहा है। ग्रामीण बहादुर सिंह, तुलसी देवी, भावना देवी, सुरेश सिंह, प्रताप राम, भगवती देवी, दीवान सिंह, पूरन प्रकाश, त्रिलोक सिंह समेत अनेक ग्रामीणों ने शीघ्र सड़क निर्माण की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *