पिथौरागढ़। वेलेंटाइन डे को पश्चिमी सभ्यता की देन और भारतीयों के खिलाफ बताते हुए बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने वेलेंटाइन डे का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया और नगर में जुलूस निकाला। प्रदर्शनकारियों ने युवाओं को सलाह दी कि वह पाश्चात्य संस्कृति में रंगने के बजाय देश की समृद्धि, संस्कृति का प्रचार-प्रसार करने में भूमिका निभाएं।
स्थानीय गांधी चौक में प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ताओं ने कहा कि स्वस्थ समाज के ताने-बाने के लिए वेलेंटाइन डे उचित नहीं है। ऐसे दिनों का बहिष्कार कर भारतीय संस्कृति को मजबूती प्रदान की जानी चाहिए। संगठन के जिलाध्यक्ष सोनम पांडेय ने कहा कि बजरंग दल का प्रयास युवाओं को भारतीय संस्कृति की ओर प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर विश्व भारतीय संस्कृति, आदर्श और योग को अपना रहा है, वहीं दूसरी ओर यहां के युवाओं को वेलेंटाइन डे जैसे आयोजनों की ओर धकेला जा रहा है। जो भारतीय संस्कृति के लिए बेहद घातक है। आज के युवा वर्ग को स्वामी विवेकानंद से प्रेरणा लेनी चाहिए। हरीश कुमार व सुरजीत सोडी ने कहा कि वेलेंटाइन डे विदेशी पर्व है। इसकी आड़ में कुछ लोग अश्लीलता फैलाने में लगे हुए हैं। बजरंग दल ऐसे पर्वो का सादगी के साथ विरोध करता रहेगा। जिला संयोजिका कनक उपाध्याय ने कहा कि पाश्चात्य संस्कृति को संगठन बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगा। प्रदर्शन करने वालों में रोहित जोशी, सुरेश बजरंगी, पवन नाथ, विजय भट्ट, भूपेंद्र महर, प्रकाश ठकुराठी, भावना, कंचन, पुष्पा, कामिनी, अंकुर, त्रिलोक, हरीश पुनेड़ा, अमित, कमल मेहता, आयुष, सक्षम थापा, राजेश देवलाल, मनोज ठकुराठी, महेश कठायत, रमेश बोरा, सागर जोशी, गोपाल पांडेय, सावन, प्रशांत, सौरव, दिनेश, हिमांशु, विनोद, लीलाधर, दुर्गा सिंह आदि मौजूद थे।