बुलेरो के अंदर 12 लोग सवार थे। लेकिन खाई में गिरते हुए उसके परखच्चे उड़ गए। चार की मौत और मासूम समेत आठ लोग बुरी तरह से घायल हो गए। रेस्क्यू की तस्वीरें…
हादसा चमोली जिले के पोखरी-हरिशंकर-रौता मोटर मार्ग पर हुआ। बोलेरो के गहरी खाई में गिरने से उसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई और तीन साल के मासूम समेत आठ लोग घायल हो गए। वाहन में चालक समेत समीपवर्ती गांवों के 12 लोग सवार थे। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी में प्राथमिक उपचार के बाद बेस अस्पताल श्रीकोट (श्रीनगर) के लिए रेफर कर दिया गया है।
पोखरी से बृहस्पतिवार दोपहर एक बजे रौता के लिए रवाना हुई बोलरो आधा घंटे बाद प्राथमिक विद्यालय गनियाला के समीप अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। दुर्घटना में अषाड़ी देवी (62) केलब (पोखरी), साबर सिंह (60) पूर्व प्रधान मज्याड़ी गांव, हरि सिंह (77) जौरासी (पोखरी) और धूम सिंह (46), निवासी द्यूका गांव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक व तीन साल के मासूम बच्चे समेत आठ लोग घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पोखरी एसडीएम रोहित मीणा और थानाध्यक्ष प्रेम सिंह मौके पर पहुंचे। घायलों को 108 वाहन की मदद से सीएचसी पोखरी लाया गया। डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को बेस अस्पताल श्रीनगर के लिए रेफर कर दिया। बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट ने जिला प्रशासन से दुर्घटना की जानकारी ली।
दुर्घटना में घायल
वासुदेव प्रसाद, (56) पुत्र भोला दत्त, निवासी हरिशंकर गांव
प्रिंस (3) पुत्र दिनेश, मज्याड़ी गांव
बशी देवी (30) पत्नी जीत सिंह, मज्याड़ी गांव
उर्मिला देवी (29) पत्नी दिनेश, मज्याड़ी गांव
हेमा (24) पत्नी मनोज, नौली गांव
मनोज (26), नौली गांव
खुशी (13) पुत्री नागेंद्र, द्यूका गांव
विक्रम सिंह (41) पुत्र मदन सिंह, पाटी गांव