हरिद्वार। ज्वालापुर में सीतापुर बाईपास पर कमेटी के पैसों को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें तीन लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक सीतापुर बाईपास पर किराये के मकान में रहने वाले विजयपाल ने पड़ोसी मोहित के पास कमेटी डाली थी। दोनों के बीच कमेटी के पैसों को लेकर कहासुनी हो गई। कुछ देर में कहासुनी मारपीट और गाली-गलौच में बदल गई। दोनों तरफ से मारपीट होने पर विजयपाल सहित तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और झगड़ा शांत कराया। जिसके बाद दोनों पक्षों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजीव थपलियाल ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीरों पर जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।