पौड़ी। 5 मार्च से शुरू होने जा रही उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां शुरू हो गई है। इस बार गढ़वाल मंडल के 722 परीक्षा केंद्रों पर बोर्ड की परीक्षाएं होगी।
एडी गढ़वाल माध्यमिक शिक्षा गढ़वाल मंडल एमएस बिष्ट ने प्रयोगात्मक परीक्षाओं को हर हाल में 28 फरवरी तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं। गढ़वाल मंडल के सात जिलों से इस बार हाईस्कूल में 83,391 जबकि इंटर में 73,263 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। गुजरे शिक्षा सत्र की अपेक्षा इस बार हाईस्कूल और इंटर दोनों परीक्षाओं में परीक्षार्थियों की संख्या में गढ़वाल मंडल से कमी आई है। गुजरे शिक्षा सत्र में मंडल के सातों जिलों से हाईस्कूल में 85,149 परीक्षा में शामिल हुए थे। जबकि इंटर में 75,422 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। एडी ने बताया कि मंडल में 122 परीक्षा केंद्र संवेदनशील हैं। इन पर परीक्षा के मद्देनजर विशेष नजर रखी जाएगी। बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं को जमा करने के लिए मंडल में 7 मुख्य संकलन तो 14 उप संकलन केंद्र बनाएं गए है। मंडल में उत्तर पुस्तिकाओं के लिए कुल 16 केंद्र होंगे और 1 से 14 अप्रैल तक मूल्यांकन होगा।