स्कूल से निकली थी आठ साल की मासूम, मां की आंखों के सामने ऐसे खींचकर ले गई मौत, तस्वीरें

Spread the love

आठ साल की मासूम से घर के लिए निकली, लेकिन मौत उसे ऐसे खींचकर ले गई, कि देखने वाले भी सिहर गए।

ओवरटेक करने के चक्कर में डंपर ने स्कूटी सवार मां-बेटी को कुचल दिया। हादसे में आठ साल की मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती है। हादसे से गुस्साई भीड़ ने एनएच 87 पर जाम लगा दिया। मौके पर मौजूद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश की तो लोग कोतवाल से भिड़ गए। बाद में किसी तरह लोगों को समझाकर पुलिस ने बच्ची का शव उठाकर जाम खुलवाया।

मूल रूप से लखनऊ के रहने वाले सत्यप्रकाश काठगोदाम रोडवेज डिपो में परिचालक पद पर तैनात हैं। वह यहां रोडवेज कालोनी में पत्नी नीलम और बेटियां महिमा (10), गरिमा (8) के साथ रहते हैं। दोनों बेटियां सेंट थेरेसा स्कूल में पढ़ती हैं। महिमा चौथी और गरिमा तीसरी कक्षा की छात्रा है। सत्यप्रकाश दो दिन पहले लखनऊ में बीमार पिता की तीमारदारी के लिए गए हुए थे। इस वजह से पत्नी नीलम स्कूटी से बेटियों को स्कूल लाने और छोड़ने जाती हैं। गरिमा की छुट्टी दोपहर में एक बजे हो जाती है।

इधर शुक्रवार को नीलम स्कूटी से छोटी बेटी गरिमा को लेकर घर आ रही थी। इस बीच काठगोदाम वर्कशाप के सामने नैनीताल की ओर रेता बजरी लेकर जा रहे तेज रफ्तार डंपर यूके 04 सी 6644 ने स्कूटी को ओवरटेक करने की कोशिश की। डंपर की चपेट में आने से स्कूटी गिरी और डंपर का पिछला पहिया मासूम गरिमा के सिर के ऊपर से और मां को कुचलता हुआ निकल गया। मौके पर ही गरिमा की मौत हो गई, जबकि मां नीलम को गंभीर हालत में कृष्णा अस्पताल में भर्ती कराया। इस बीच मौका पाकर चालक डंपर को छोड़कर फरार हो गया।

इससे नाराज क्षेत्रवासियों ने काठगोदाम-नैनीताल हाइवे पर जाम लगाया दिया। लोग डंपर में आग लगाने और चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। देखते ही देखते दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हादसे की सूचना पर काठगोदाम थाना प्रभारी बीएल विश्वकर्मा मौके पर पहुंच गए और शव उठाने का प्रयास किया। गुस्साई भीड़ कोतवाल से भिड़ गई और नो एंट्री में ट्रक छोड़ने को लेकर हंगामा काटने लगी।

जाम की सूचना पर कोतवाली पुलिस, मुखानी थाने समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बमुश्किल उग्र भीड़ को समझा कर शव उठाया। इसके बाद जैसे ही पुलिस डंपर को थाने ले जाने लगी तो भीड़ पुलिस से भिड़ गई। पुलिस किसी तरह डंपर को थाने पहुंचाया और सीज किया। बाद में भीड़ ने नारीमन चौक पर जाम लगा दिया। फिर पुलिस ने किसी तरह भीड़ को समझाकर यातायात चालू कराया। इस दौरान कोतवाल केआर पांडे, एसओ कमाल हसन, एसआई निर्मल लटवाल, मंजू ज्याला, राजेंद्र सिंह रावत आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *