चम्पावत। धौन के ग्रामीणों ने डीएम से ऑलवेदर रोड कटिंग से राप्रावि धौन रावत के भवन को भूस्खलन से बचाने की मांग की है। उनका कहना है कि ऑलवेदर रोड चौड़ीकरण से विद्यालय भवन को खतरा पैदा हो गया है। स्कूल का प्रांगण सड़क कटान से धंस गया है, जिससे स्कूल के भवन में भी दरारें आ गई हैं। शीघ्र उचित व्यवस्था नहीं की गई तो बरसात के समय बड़ा हादसा हो सकता है। शनिवार को ग्राम प्रधान श्याम प्रसाद और विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष प्रकाश सिंह ने जिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। उन्होंने ऑलवेदर रोड निर्माण से राप्रावि धौन का आंगन धंसने और विद्यालय भवन में दरार आने की जानकारी देते हुए बच्चों की जान को खतरा बताया। कहा कि विद्यालय के पास ही डंपिंग जोन बनाए जाने से बच्चे रोजाना धूल भी खा रहे हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर भी विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। रोड कटिंग से विद्यालय की हालत इतनी जर्जर हो गई है कि वह बारिश के समय ध्वस्त हो सकता है। ज्ञापन में स्कूली बच्चों को किसी भी सम्भावित दुर्घटना से बचाने के लिए समय रहते उचित कार्रवाई करने की मांग की गई है। उधर ग्रामीण नवीन सिंह, लीलाधर शर्मा, सुनील सिंह, कमल सिंह, रमेश चन्द्र, खिलानन्द, संजय कुमार, लाल सिंह आदि ने बताया कि सम्भावित दुर्घटना के भय से अधिकांश ग्रामीण अपने बच्चों को स्कूल भेजने में डर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सड़क के ठीक किनारे होने के कारण रोड कटिंग से विद्यालय की नींव हिल गई है। कहा कि प्रशासन समय रहते उचित कार्रवाई नहीं करता तो भविष्य में होने वाली दुर्घटना की जिम्मेदारी भी उसी की होगी।
ऑलवेदर रोड कटिंग से ध्वस्त हुआ जीआईसी धौन, राप्रावि और आंगनबाड़ी केन्द्र का रास्ता अभी भी सुचारू नहीं किया जा सका है। जबकि स्थानीय लोग और विद्यालय के शिक्षक विगत 15 दिन से रास्ते की मरम्मत की मांग कर रहे हैं। जीआईसी के प्रधानाचार्य जगदीश सिंह अधिकारी ने बताया कि बच्चे जान जोखिम में डालकर आवागमन कर रहे हैं। जब तक बच्चे सकुशल घर न पहुंच जाएं उनके साथ अनहोनी की आशंका बनी रहती है।