अल्मोड़ा। सुदूरवर्ती क्षेत्रों के लोगो की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जायेगा यह बात जिलाधिकारी इवा आशीष श्रीवास्तव ने आज वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से तहसील सल्ट के लोगों की शिकायतो का निस्तारण करते हुए कही। उन्होंने कहा कि आम लोगो को मुख्यालय में न आना पड़े इस बात को देखते हुए प्रत्येक माह के पहले, तीसरे, चैथे शनिवार को सुदूरवर्ती तहसीलो के लोगो की शिकायतो का निस्तारण किया जाता है। जिलाधिकारी ने बताया कि इसमें कोई भी व्यक्ति अपनी शिकायत सम्बन्धित तहसील में उसी दिन पंजीकृत करा सकता है। इसके बाद समस्या का निराकरण कराये जाने की हर सम्भव प्रयास किया जायेगा।
आज की इस वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से कुल 15 शिकायतें दर्ज की गयी जिनमें अधिकतर शिकायतों का जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को मौके पर निस्तारण करने के निर्देश दिये। लोगो द्वारा अनेक मोटर मार्गों की समस्या जिलाधिकारी के सम्मुख रखी गयी जिनमें अभी तक अपेक्षित कार्यवाही नहीं की गयी। जिलाधिकारी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये कि कृृत कार्यवाही से शिकायतकर्ता को भी अवगत करायें। इस अवसर पर लोगों द्वारा कन्याधन की धनराशि न मिलने की शिकायत जिलाधिकाीर से की जिस पर जिलाधिकारी द्वारा आश्वस्त किया गया कि धनराशि आने पर अवमुक्त कर दी जायेगी। हेंडपम्प से गन्दा पानी आने की शिकायत भी जिलाधिकारी से की। जिस पर उन्होंने जल संस्थान को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित पेंशनो के निस्तारण में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने कहा कि खण्ड विकास अधिकारी सल्ट जिला समाज कल्याण अधिकारी के साथ समन्वय बनाकर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे और कृत कार्यवाही से जिला कार्यालय, उपजिलाधिकारी कार्यालय व शिकायतकर्ता को भी अवगत कराना सुनिश्चित करेंगे।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को निर्देश दिये कि जितने भी पेंशन सम्बन्धी व बिजली विभाग से सम्बन्धित विभाग से शिकायतें प्राप्त हुई है उनका संज्ञान लेते हुए पत्र में ध्यानाकर्षण हेतु पत्र में उल्लखित कर सीधे जिला कार्यालय को भेजना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि ऑगनबाड़ी से सम्बन्धित शिकायतों का निस्तारण यथा समय सुनिश्चित करेंगे। जिलाधिकारी ने पर्यटन विभाग की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए कहा कि युवाओं को स्वरोजगार की ओर प्रेरित् करने के लिए सल्ट क्षेत्र में एक शिविर का आयोजन कर पर्यटन विभाग से संचालित योजनाओं की जानकारी दी जायेगी। जिलाधिकारी ने क्षेत्र में बन्द पड़े हैण्डपम्पों की मरम्मत शीघ्र करने के निर्देश दिये साथ ही पेयजल सम्बन्धी शिकायतो का निस्तारण यथा समय करने के निर्देश भी दिये। उन्होंने सल्ट क्षेत्र में अध्यापको के अनुपस्थित रहने के प्रकरण को गम्भीरता से लेते हुए मुख्य शिक्षाधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर उपस्थित मुख्य शिक्षाधिकारी ने बताया कि 08 शिक्षकों के खिलाफ कार्यवाही अमल में लायी गयी है सल्ट क्षेत्र में स्थित पालीटैक्नीक संस्थान में कम्प्यूटर सांइस के शिक्षक न होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि उनके प्रकरण को तकनीकी शिक्षा को सन्दर्भित किया जायेगा। जिलाधिकारी ने समाज कल्याण, पर्यटन, उद्योग विभाग के अधिकारियों के उपस्थित न रहने पर नाराजगी व्यक्त की। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि अपने विभाग से सम्बन्धित शिकायतों का यथा शीघ्र निस्तारण करेंगे। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर नाराजगी व्यक्त और उपजिलाधिकारी को निर्देश दिये कि उनका स्पष्टीकरण लेते हुए जहॉ पर भी विद्युत पोल बदले जाने है अथवा सड़कों पर जो विद्युत पोल डाले गये है उनकी फोटो व्हाटसअप के माध्यम से मुझे उपलब्ध करायें ताकि विद्युत विभाग के खिलाफ कठोर कार्यवाही अमल में लायी जा सके। इस अवसर पर उन्होंने उपजिलाधिकारी को निर्देश दिये कि शिकायतकर्ता लिखित रूप से शिकायत दर्ज करायेंगे तभी उनकी शिकायतों पर कार्यवाही की जा सकेगी। इस अवसर पर उपजिलाधिकरी सल्ट गोपाल राम बिनवाल ने पिछली शिकायतों के बारे में बताया तथा आज प्राप्त हुई शिकायतों के बारे में बताया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 निशा पाण्डे, मुख्य शिक्षाधिकारी जगमोहन सोनी, अधिशासी अभियन्ता लो0नि0वि0 रानीखेत एल0एम0 वर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी तेजबल सिंह, सूचना विज्ञान अधिकारी राजेश तिवारी, सिंचाई, लघु सिचाई, खण्ड विकास अधिकारी सल्ट सहित अनेक अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।