पिथौरागढ़। नगर क्षेत्र के ठूलीगाड पेयजल योजना के निकट सीवर की गंदगी छोड़ने के खिलाफ सीमांत यूथ मोर्चा कार्यकर्ताओं ने एमईएस के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान एमईएस के अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही विभाग का पुतला भी फूंका।
सीयूमो के जिलाध्यक्ष जर्नादन पंत के नेतृत्व में सिमलगैर बाजार में एकत्रित कार्यकर्ताओं ने एमईएस पर पेयजल योजना में सीवर डालने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि इससे शहर के लोग प्रदूषित पानी पी रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जनता पिछले तीन माह से शासन-प्रशासन को इस समस्या से अवगत करा रही है। मामले को संज्ञान में लेते हुए एमईएस के ठेकेदार पर कार्रवाई हुई, जबकि एमईएस के अधिकारी इसके लिए जिम्मेदार हैं। ऐसे में उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सीवर लाईन एमएच की थी। ठूलीगाड़ योजना के इंचार्ज और कासनी पंप के इंचार्ज भी इसमें बराबर के दोषी हैं। उनके खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। इस कृत्य को जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बताते उन्होंने कहा कि इसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।
इस मौके पर सरकार पर भी इस गंभीर मसले में अभी तक कोई भी ठोस कदम नहीं उठाए जाने का आरोप लगाया। चेतावनी दी गई कि जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो सीयूमो नगर की जनता को साथ लेकर उग्र आंदोलन छेड़ देगा। प्रदर्शन करने वालो में राहुल खत्री, सुरेश जोशी, नवीन शर्मा, लक्ष्मण बिष्ट, टिकेंद्र कुमार, सुनील पुनेठा, शंकर राम, कैलाश कठायत, धर्मेंद्र भट्ट, कृपाल सामंत, ललित रावत, हरीश कुमार, संजय कुमार, गौतम लोहनी, विरेंद्र भंडारी, राजू जोशी आदि ने शामिल थे।