पहले बिग बॉस फिर बॉलीवुड फिल्मों के बाद अब सपना चौधरी के फैंस के लिए एक और खुशखबरी है। हरियाणा की डांसर सपना चौधरी का जादू अब दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बाद पूरे देश में चढ़ने लगा है। शायद यही कारण है कि अब उनके स्टेज शोज दूसरे राज्यों में होने लगे हैं।
अगली बारी मध्यप्रदेश के बैतूल की है। जहां पहली बार सपना चौधरी परफॉर्मेंस देने आ रहीं हैं। 18 फरवरी यानी रविवार को होने वाले इस डांस शो की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। शहरवासियों में सपना की दीवानगी इस कदर है कि शो के सारे टिकट्स बिक चुके हैं। पुलिस ग्राउंड में होने वाले इस शो में 300, 500 और वीआईपी टिकट की कीमत 1000 रुपए रखी गई है।
सुरक्षा के मद्देनजर सारी व्यवस्थाएं भी चाक-चौबंद है। पिछले दिनों सपना के शो में हुए हंगामे को देखते हुए भारी मात्रा में पुलिस टुकड़ी तैनात होने की भी पूरी उम्मीद है।
इसके पहले कानपुर के बृजेंद्र स्वरूप पार्क में हुए सपना चौधरी नाइट में जमकर हंगामा हुआ था। बेरीकेट्स तोड़ कर प्रशंसक अंदर घुसने लगे। कुर्सियां फेंकी जाने लगीं, बवाल बढ़ता देख बेकाबू प्रशंसकों पर पुलिस को लाठियां चलानी पड़ीं। गुस्साए प्रशंसकों ने जमकर तोड़फोड़ की और कई चार पहिया वाहनों के शीशे तोड़ डाले।
इसके पहले मध्यप्रदेश के मुरैना में भी कुछ ऐसा ही आलम देखने को मिला था। जहां 18 जनवरी को हुए सपना चौधरी के डांस प्रोग्राम में आए लोगों को जब अंदर घुसने नहीं मिला तो उन्होंने पथराव कर दिया। जिसके बाद व्यवस्था में लगे चार थानों के पुलिस कर्मियों ने भीड़ पर डंडे चलाए। इस दौरान दो घंटे तक ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ। भीड़ को भगाने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर डंडों खदेड़ना पड़ा। कार्यक्रम में स्थिति न बिगड़े इसलिए पुलिस ने वक्त से पहले ही सपना को रवाना करवा दिया था।