एसएसबी सीमांत मुख्यालय रानीखेत का सातवां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। एसएसबी मुख्यालय में रंगारंग कार्यक्रमों के साथ ही आकर्षक परेड का प्रदर्शन भी हुआ और उत्कृष्ट सेवा के लिए कई जवानों को पदक प्रदान किए गए। इस मौके पर मुख्य अतिथि अवकाश प्राप्त आईजी एचसी खड़कवाल ने कहा कि एसएसबी सीमांत मुख्यालय रानीखेत ने शुरू से ही देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्होंने कहा एसएसबी 1751 लंबी भारत-नेपाल और भारत-भूटान की संवेदनशील सीमा के साथ ही आंतरिक सुरक्षा का दायित्व बखूबी निभा रही है। कहा कि एसएसबी ने भारत-नेपाल सीमा पर आज तक भारी मात्रा में मादक पदार्थ, जाली मुद्रा, अवैध शस्त्र, वन्य जीवों के अंग, तस्करी के अन्य सामान के साथ ही अब तक सैकड़ों अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि एसएसबी के जवान रात-दिन नेपाल और भूटान की सीमा पर चौकसी कर रहे हैं। साथ ही देश के विभिन्न राज्यों में आंतरिक सुरक्षा का कार्य भी एसएसबी मुस्तैदी से कर रही है। इस मौके पर एसएसबी सीमांत मुख्यालय के कार्यकारी महानिरीक्षक विक्रम सिंह ठाकुर ने भी जवानों को सातवीं वर्षगांठ की बधाई देते हुए कहा कि बल के जवान समर्पण की भावना से सुरक्षा कार्य में लगे हुए हैं।
इस मौके पर जवानों ने आकर्षक परेड का प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि अवकाश प्राप्त आईजी खड़कवाल ने परेड की सलामी ली। परेड का नेतृत्व उप कमांडेंट संजीव तिवारी और सहायक कमांडेंट भरत कुमार चौधरी ने किया। स्थापना दिवस पर जवानों ने आकर्षक छोलिया नृत्य के अलावा कई रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जवानों ने कई करतब दिखाए। डॉग शो भी आकर्षक रहा। कार्यक्रम में उत्कृष्ट सेवा पर कई जवानों को पदक से भी सम्मानित किया गया। इस मौके पर उप कमांडेंट जीसी पांडे के अलावा विभिन्न जिलों से आए एसएसबी के अधिकारी भी मौजूद थे।