देहरादून, त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में बंपर जीत पर उत्तराखंड भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी के प्रदेश कार्यालय में जीत का जश्न मनाया गया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं द्वारा आतिशबाजी की गई और मिठाइयां बांटी गई। इस जीत के जश्न में भाजपा नेता और कार्यकर्ता काफी संख्या में शामिल हुए।
सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इस जीत के लिए भाजपा के समस्त कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई दी। साथ ही कहा यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास के एजेंडे और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के कुशल नेतृत्व की जीत है। पूर्वोत्तर के तीन राज्यों आए चुनावी नतीजों ने देश के सियासी नक्शे को बदल दिया। त्रिपुरा में बीते 25 साल से लगातार सरकार चला रहे लेफ्ट के किले को भाजपा ने ढहा दिया। देश में ऐसा पहली बार हुआ है जब भाजपा ने लेफ्ट की मजबूत पकड़ वाले राज्य में उसे सत्ता से बाहर कर दिया।