चारधाम के लिए 200 बसों की एडवांस बुकिंग

Spread the love

ऋषिकेश।अप्रैल माह से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा के लिए संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति के पास बसों की एडवांस बुकिंग आनी शुरू हो गई हैं। अभी तक पांच राज्यों के तीर्थयात्री संयुक्त रोटेशन की करीब 200 बसों की बुकिंग करा चुके हैं। अन्य प्रदेशों से भी समिति के कार्यालय में फोन कॉल के जरिए श्रद्धालु संपर्क साधने में लगे हैं।

इस साल चारधाम दर्शन के लिए राजस्थान, तमिलनाडु, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के तीर्थयात्री 10 मई तक के लिए संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति से बसों की बुकिंग करा चुके हैं। समिति के प्रशासनिक अधिकारी बृजभानु प्रकाश गिरि ने बताया कि चारधाम यात्रा में बसों की स्थिति को लेकर लगातार कार्यालय में विभिन्न प्रदेशों से तीर्थयात्रियों के फोन आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि लोग यात्रा मार्गों और मौसम की स्थिति का जानकारी भी ले रहे हैं।
मार्च माह में चारधाम यात्रा के लिए बसों की फाइनल सूची जारी होगी और इसके बाद ट्रैवल कंपनियों से भी तीर्थयात्रियों के लिए बसों की बुकिंग समिति कार्यालय तक पहुंचेगी। फिलहाल 200 बसों की बुकिंग रोटेशन समिति के पास आ चुकी है। उन्होंने बताया कि इस साल यात्रियों के लिए पर्याप्त बसों के इंतजाम भी किए जा रहे हैं। गत वर्ष बसों की कमी होने के चलते यह निर्णय लिया गया है। गिरि ने बताया कि इस साल बीते वर्षों के मुकाबले ज्यादा तीर्थयात्रियों के चारधाम दर्शन के लिए आने की उम्मीद है। समिति यात्राकाल में श्रद्धालुओं को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने को पूरी तरह से तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *