ऋषिकेश। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को नगर क्षेत्र में विभिन्न मिष्ठान भंडारों व दुग्ध डेयरियों मेें छापेमारी कर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच की। इस दौरान दो प्रतिष्ठानों से मिठाई व दूध के नमूने लिए गए। टीम ने एक प्रतिष्ठान को लाइसेंस नहीं होने पर 15 दिन की मोहलत दी। बताया गया कि लाइसेंस नहीं बनाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बृहस्पतिवार को जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी जीसी कंडवाल की अगुवाई में विभागीय टीम ने नगर क्षेत्र में करीब दर्जन भर डेयरियों व मिष्ठान भंडारों में औचक छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान लक्ष्मणझूला रोड स्थित प्रकाश डेयरी से पनीर व दही के नमूने लिए गए जबकि जेठुड़ी मिष्ठान भंडार से गुझिया व मिल्ककेक के नमूने भरे गए। नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
अभियान के दौरान टीम को सचदेवा पेठा स्टोर के पास खाद्य सामग्री बिक्री का लाइसेंस नहीं मिला। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी जीसी कंडवाल ने दुकान स्वामी को 15 दिन में लाइसेंस लेने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेताया कि लाइसेंस नहीं लेने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि होली त्योहार के मद्देनजर छापेमारी अभियान सतत रूप से जारी रहेगा। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी ऋषिकेश संजय तिवारी व मंजू कुमार आदि मौजूद थे।
मिष्ठान भंडारों में साफ सफाई पर दिया जोर
ऋषिकेश। बृहस्पतिवार को देहरादून रोड स्थित व्यापार सभा भवन में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी जीसी कंडवाल ने नगर के विभिन्न मिष्ठान विक्रेताओं व डेयरी संचालकों की बैठक ली, जिसमें उनसे मिष्ठान भंडार व कार्यशाला में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। इस दौरान उनसे बेची जा रही खाद्य सामग्री में उच्च गुणवत्ता का मानक रखने को कहा गया। साथ ही मावा व कलर की गुणवत्ता ठीक रखने को कहा गया। उन्होंने मिष्ठान भंडार संचालकों को मिठाई के डिब्बों पर सामग्री के भंडारण अवधि के दिशा निर्देश प्रिंट करने व लाइसेंस नंबर भी डिस्प्ले करने के निर्देश दिए हैं। जिससे कोई भी उपभोक्ता लाइसेंस नंबर के आधार पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। इस दौरान डेयरी संचालकों से बिक्री किए जा रहे खुले व पैक्ड मिल्क की गुणवत्ता ठीक रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर व्यापारी हरीश कुमार चीचरा, अनूप कुमार शर्मा, राजेश चावला, अनिल विरमानी, चंद्रमोहन विरमानी,सुनील उनियाल, दिनेश कुमार, अनिल कुमार, नरेंद्र गुप्ता आदि मौजूद थे।